मुंबई
अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा’ (Pushpa) पैन-इंडिया सेंसेशन बन गई। फिल्म ने हिन्दी बेल्ट में कमाई के नए रिकॉर्ड बनाए। फिल्म की सफलता के साथ ही मेकर्स ने इसके दूसरे पार्ट का ऐलान कर दिया था। ‘पुष्पा 2’ में अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना ही होंगे। बीते दिनों कई मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि फिल्म के निर्देशक सुकुमार ने ’पुष्पा 2’ की शूटिंग रोक दी क्योंकि ’केजीएफ चैप्टर 2’ के बाद उन्होंने फिल्म की स्क्रिप्ट में बदलाव किया है। अब इस पर मेकर्स की ओर से प्रतिक्रिया आई है।
निर्माता ने क्या कहा
’पुष्पा ’ के निर्माता वाई रवि शंकर ने इस तरह की खबरों से इनकार किया। उन्होंने कहा कि उनके पास पहले से कमाल की स्क्रिप्ट है ऐसे में बदलाव की जरूरत नहीं है। अंग्रेजी वेबसाइट पिंकविला से बात करते हुए वाई रवि शंकर ने कहा, ’ऐसा कुछ भी नहीं है। केजीएफ 2 ने हमारे पुष्पा 2 को प्रभावित करने के लिए क्या किया? कोई बदलाव नहीं है, कुछ भी नहीं। हमार पास पहले से ही हाई वोल्टेज स्क्रिप्ट है, हमें स्क्रिप्ट बदलने की जरूरत क्यों है? उन्होंने (सुकुमार) पहले से ही जो हाई वोल्टेज स्क्रिप्ट तैयार की है वही बहुत खूबसूरत तरीके से पेश कर रहे हैं। डेढ़ महीने से लोकेशन की खोज जारी है। हम उसी जंगल में शूटिंग कर रहे हैं जहां हमने पहले पार्ट की शूटिंग की थी।’