उदयपुर
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा-आरएसएस पर जमकर निशाना साधा है। सीएम गहलोत ने डबोक एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि जोधपुर में स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था नहीं बिगड़नी चाहिए। सीएम गहलोत ने कहा कि राजस्थान ने केंद्र सरकार व भाजपा आलाकमान की नींद हराम कर रखी है। मुख्यमंत्री की दौड़ में लगे भाजपा नेताओं को ऊपर से इंस्ट्रक्शन दिए जा रहे हैं। करौली, अलवर या जोधपुर के मुद्दे को लंबा खींच रहे हैं। जहां तक दंगों के सवाल है-दोषियों को हम बख्शने वाले नहीं है। पुलिस को सख्त निर्देश है कि जो भी कानून हाथ में ले रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई करे, चाहे वो किसी भी धर्म, जाति या पार्टी का हो। गहलोत उदयपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
राजस्थान से डरे हैं भाजपा नेता
सीएम गहलोत ने कहा कि भाजपा में सब नेता मुख्यमंत्री के दावेदार हैं। आपास में खींचतान चल रही है। हर मुद्दे पर इन नेताओं के बयान आ रहे हैं। अभी मैंने सुना है कि भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक भी जयपुर में करने जा रहे हैं। यह सच है कि राजस्थान ने इनकी नींद उड़ा दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नवसंकल्प चिंतन शिविर की तैयारियों को लेकर बुधवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अन्य नेताओं के साथ विशेष विमान से उदयपुर आए। भाजपा आलाकमान राजस्थान से डरा हुआ है।
राजस्थान के भाईचारे को बदनाम करने की साजिश
दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है। जोधपुर का भाईचारा दुनियाभर में एक मिसाल है। लोगों में गलतफहमी पैदा हुई है, उसको दूर कर रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि लोग जल्दी ही अपने भाईचारे को कायम कर लेंगे। उन्होंने कहा कि जोधपुर में ऐसी स्थिति नहीं थी कि कर्फ्यू लगाना पड़े, छुटपुट घटनाएं हुई थी, जिनको नियंत्रण कर लिया गया था। भाजपा ने राजस्थान को टारगेट पर लिया हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि करौली में दंगा हुआ, आधा घंटे में कंट्रोल हो गया था, लेकिन भाजपा के लोग इसको लंबा खींचना चाहते हैं। अलवर रामगढ़ में भाजपा का बोर्ड हैं, उनके सबसे ज्यादा 34 पार्षद हैं, उन्होंने ही अतिक्रमण हटाने के लिए मंदिर को हटवाया, दोषी कांग्रेस को ठहरा रहे हैं। ये सब राजस्थान को और यहां के भाईचारे को बदनाम करने की साजिश है।