Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

भर्तियों की उम्मीद में बेरोजगारी की पीड़ा झेलने को मजबूर युवा वर्ग

  • आम आदमी पार्टी का किसान संवाद कार्यक्रम
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    आम आदमी पार्टी के किसान संवाद कार्यक्रम के तहत पीलीबंगा विधानसभा क्षेत्र के गांव खरलिया एवं सूरांवाली में संवाद सभाओं का आयोजन किया गया। इन सभाओं में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। पार्टी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल के अनुसार खरलिया के ग्रामीणों ने क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा करते हुए बताया कि सिंचाई पानी की कमी से किसान अत्यधिक परेशानी हो रही है। पेयजल की कमी के कारण घर-घर जल योजना के सच को समझा जा सकता है। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी किसानों को कर्ज की ओर धकेल रही है। युवा वर्ग भर्तियों की उम्मीद में लगातार बेरोजगारी की पीड़ा झेलने को मजबूर है। ग्रामीण क्षेत्रों में 14 से 16 घंटे की बिजली कटौती ने जीना मुश्किल कर दिया है। निराश्रित पशु भूखे-प्यासे तड़प रहे हैं। सरकारी स्कूलों को अंग्रेजी माध्यम करने के नाम पर ग्रामीणों से मजाक किया जा रहा है। क्योंकि स्टॉफ तो बदला नहीं गया। माध्यम बदलने से कुछ नहीं होगा। क्षेत्र की टूटी हुई सड़कें जनप्रतिनिधियों को दिखाई नहीं दे रही। चारों ओर भ्रष्टाचार का बोलबाला है। जहां देखो नशा ही नशा बिक रहा है। सतासीन नेता आम लोगों की बात नहीं सुन रहे। जनप्रतिनिधि क्षेत्र में लोगों से मिलने में भी हिचकिचा रहे हैं। जनता को कोई रास्ता दिखाई नहीं दे रहा है। इन सबके बीच दिल्ली और पंजाब की सरकारों के काम आम आदमी पार्टी से उम्मीद बढ़ा रहे हैं। लोग आम आदमी पार्टी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे। बेनीवाल के अनुसार खरलिया के साथ ही सूरांवाली में भी ग्रामीणों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि गांव में डाले जाने वाले मृत पशुओं के कारण जीना मुश्किल हो रहा है। ग्राम पंचायत कुछ भी सुनने को तैयार नहीं है। गांव के गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को खाद्य सुरक्षा का लाभ नहीं मिल रहा है। दोनों गांवों में ग्रामीणों ने आम आदमी पार्टी का साथ देने का संकल्प लिया। इस मौके पर एडवोकेट अमरजीत सिंह, फिरोज सिंह, बनवारी लाल, राकेश कुमार, जरनैल सिंह, सुभाष बोगिया, मदन लाल, अजय वाल्मीकि, दुन्नीराम लूना, बबलू सोनी, लखविंद्र सिंह, सुरजीत सिंह, इन्द्राज गोस्वामी, ईश्वर राम डाबला, पालाराम आदि मौजूद रहे।