नई दिल्ली |
पुलिस कई बार ऐसे लोगों को हिरासत में ले लेती है जो बीच सड़क पर बवाल काट देते हैं या फिर महंगी गाड़ियों को दिखाने के चक्कर में नियमों की धज्जियां उड़ा देते हैं। हालांकि यह करतूत उनके लिए ही जानलेवा साबित हो जाती है। एक ऐसा ही मामला सामने आया है जब नोएडा पुलिस ने एक ऐसे शख्स को थाने पहुंचा दिया है जो अजय देवगन की स्टाइल कॉपी करने की कोशिश कर रहा था और दो गाड़ियों पर खड़ा था।
दरअसल, आरोपी शख्स की एक तस्वीर वायरल हुई थी जिसमें वह अजय देवगन की फिल्म फूल और कांटे का स्टंट कॉपी करता नजर आया था। दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट के मुताबिक यह शख्स दोनों कार के बोनट पर खड़ा नजर आता है। हाथ बांधकर वो तकरीबन वैसा ही सीन क्रिएट करता है, जैसा फूल और कांटे मूवी में अजय देवगन ने किया था।
रिपोर्ट के मुताबिक इसका एक अन्य वीडियो भी वायरल हुआ है जिसमें वह नोएडा से ग्रेटर नोएडा की तरफ जाने वाली सड़क पर एक पहिए पर बाइक चला रहा है। बाइक पर आगे पीछे कोई नंबर प्लेट नहीं था। जैसे ही शख्स की यह करतूतें वायरल हुईं, नोएडा पुलिस ने उसे धर लिया। बाइक और कार दोनों ही पुलिस के कब्जे में है।