मुंबई
अभिनेता आयुष शर्मा (Aayush Sharma) ने फिल्म लवयात्रि से बॉलीवुड डेब्यू किया था, इसके बाद वो सलमान खान (Salman Khan) के साथ फिल्म अंतिम द फाइनल ट्रुथ में नजर आए। डेब्यू फिल्म जहां फ्लॉप साबित हुई थी तो वहीं दूसरी फिल्म में आयुष ने थोड़ी बहुत वाहवाही लूटी। इसके बाद आयुष शर्मा की तीसरी फिल्म कभी ईद कभी दिवाली (Kabhi Eid Kabhi Diwali) होनी थी, जिसका शूट भी उन्होंने शुरू कर दिया था, लेकिन अब सलमान खान की इस फिल्म को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। बताया जा रहा है कि आयुष ने फिल्म छोड़ दी है। जानकारी के मुताबिक फिल्म में आयुष शर्मा का किरदार सलमान खान के छोटे भाई का था।
आयुष ने क्यों छोड़ी फिल्म
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक क्रिएटिव डिफरेंस की वजह से आयुष ने फिल्म को छोड़ दिया है। बॉलीवुड हंगामा ने एक सूत्र के हवाले से लिखा, ‘हां कभी ईद कभी दिवाली की टीम ने शूट शुरू कर दिया था, लेकिन सलमान खान फिल्म्स और आयुष शर्मा के बीच कुछ मतभेद मिले, क्रिएटिव डिफरेंस के चलते आयुष ने प्रोजेक्ट छोड़ दिया है।’ रिपोर्ट में आगे कहा गया, ‘आयुष ने शूटिंग शुरू कर दी थी और एक दिन का पूरा शूट भी कर लिया था। शूट के दौरान आयुष और प्रोडक्शन हाउस के बीच कुछ मतभेद देखने को मिले, जिसके बाद आयुष ने फिल्म को छोड़ दिया।’