Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

कश्मीर पर होगा बड़ा फैसला! रॉ के चीफ, NSA और LG संग जारी अमित शाह की मीटिंग

नई दिल्ली

दिल्ली में कश्मीर में हिंदुओं की हत्याओं पर गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में दिल्ली में बैठक हुई है। पहले राउंड की मीटिंग 2 बजे खत्म हुई है और एक बार फिर से 3 बजे मीटिंग शुरू होगी। इस बैठक में जम्मू-कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा और जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह भी मौजूद हैं। उनके अलावा कई और बड़े अधिकारी मीटिंग में हिस्सा ले रहे हैं। कश्मीर में हिंदुओं की हत्याओं पर हुई मीटिंग में रॉ के चीफ सामंत गोयल, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी मौजूद हैं। बैठक के बाद कश्मीर घाटी में हिंदू अल्पसंख्यकों एवं सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए कोई फैसला लिया जा सकता है।

बीते 5 महीने में जम्मू कश्मीर में 16 हत्याएं आतंकवादी कर चुके हैं और उनसे निपटना सुरक्षा बलों के लिए चुनौती बनता जा रहा है। ऐसे में केंद्र सरकार से अल्पसंख्यकों को उम्मीद है कि वह उनकी सुरक्षा के लिए कोई कदम उठाएगी। इससे पहले जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने इसी सप्ताह फैसला लिया था कि हिंदू कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर ही पोस्टिंग मिलेगी। उन्हें जिला मुख्यालयों में ही तैनात किया जाएगा। लेकिन कुलगाम में बैंक के अंदर घुसकर प्रबंधक विजय कुमार की हत्या किए जाने के बाद चिंताएं बढ़ गई हैं। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर कश्मीर में किस स्थान पर अल्पसंख्यक सुरक्षित हैं।