Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए जिला परिषद में खुलवाया जिम

  • सीईओ के सुझाव पर जिला प्रमुख की ओर से स्वीकृत किए गए चार लाख रुपयों से खरीदे गए उपकरण
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जिला परिषद में कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की फिटनेस के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक असीजा के सुझाव पर जिला प्रमुख कविता मेघवाल की ओर से जिला परिषद परिसर में जिम खुलवाया गया है। जिला परिषद में कार्य करने वाले अधिकारी और कर्मचारी रोजाना सुबह-शाम जिम में घंटों पसीना बहाते हैं। जिला प्रमुख कविता मेघवाल ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने व उनकी फिटनेस बनाए रखने के लिए इस तरह की गतिविधियां आवश्यक हैं। ग्राम पंचायतों में भी ओपन जिम खोले जा रहे हैं ताकि गांव के बच्चे नशे से दूर रहकर अपनी सेहत का ध्यान रखेंं। साथ ही कहा कि अन्य विभागों में भी इस तरह के जिम सेंटर खोले जाएं ताकि वहां काम करने वाले अधिकारी-कर्मचारी भी अपनी फिटनेस पर ध्यान दें। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अशोक असीजा ने बताया कि जिले को नशामुक्त करने के लिए संभागीय आयुक्त के निर्देशानुसार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रशासन की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में जाकर जन जागरूकता के साथ-साथ पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। इसी क्रम में जिला कलक्टर और जिला प्रमुख के निर्देश हैं कि इस तरह का माहौल बनाया जाए कि गांव-शहर के नागरिक नशे से दूर रहकर खेलों की तरफ ध्यान दें। जिम जाकर अपनी फिटनेस बनाए। इस पर उन्होंने जिला प्रमुख को सुझाव दिया गया कि जिला परिषद के अधिकारियों-कार्मिकों के लिए जिम शुरू किया जाए। जिला प्रमुख कविता मेघवाल ने उनके सुझाव को स्वीकार करते हुए जिम के लिए चार लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान कर दी। इसके बाद जिला परिषद परिसर में ही जिम शुरू किया गया है। इसमें आवश्यक उपकरण पहुंच चुके हैं। जिम शुरू करने का फायदा यह हुआ है कि पहले जिला परिषद में काम करने वाले अधिकारी-कर्मचारी जो शाम साढ़े पांच बजे घर जाने की तैयारी कर लेते थे, अब वे रात्रि करीब आठ बजे तक जिम में पसीना बहाते हैं ताकि उनका स्वास्थ्य अच्छा रहे। इसके लिए टेबल टेनिस खेलते हैं। सुबह भी जिम में आते हैं। महिला कार्मिकों के लिए अलग समय निर्धारित किया गया है। बैडमिंटन का ग्राउंड भी जल्द तैयार करवाया जाएगा। सीईओ ने कहा कि यह निरोगी राजस्थान की दिशा में उठाया गया कदम है। राजस्थान सरकार के भी निर्देश हैं कि गांवों में भी चिल्ड्रन पार्क विकसित किए जाएं और उनमें ओपन जिम शुरू की जाए। इसके लिए ग्राम पंचायतों को भी निर्देशित किया गया है। जिले के विधायक भी खेलों को बढ़ावा देने के लिए आगे आ रहे हैं।