Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

ट्यूबवैल की तार चुराने का आरोप, युवक हिरासत में

हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन पुलिस ने मोहल्लेवासियों की सूचना पर शुक्रवार को जंक्शन के वार्ड नम्बर 3 से एक युवक को हिरासत में लिया। मोहल्लेवासियों ने किराए के मकान में रहने वाले इस युवक पर खेतों में ट्यूबवैल की तार चोरी करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही पुलिस ने मौके से एक बिना नम्बरी मोटर साइकिल भी कब्जे में ली। मोहल्लेवासियों की सूचना मिलने पर जंक्शन थाना से एएसआई जसकरण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम पहुंची थी। पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ में जुटी है। इस दौरान वार्डवासी मुस्तफा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से खेतों से ट्यूबवैल की तार चोरी होने की घटनाएं हुई हैं। उनके वार्ड में किराए पर रहने वाले इस युवक पर उन्हें शक हुआ। पड़ताल की तो जिस मकान में वह युवक किराए पर रह रहा है उसकी छत्त पर चुराई गई तारें पड़ी मिली। इस युवक से इस बारे में बात की गई तो उसने छत्त पर रखी तारें मकान के अंदर रख ली। गुरुवार रात्रि को भी यह युवक खेतों से तार चोरी कर घर ले आया। तारें चुराने के बाद यह युवक तांबा निकालकर कबाड़ में बेच देता है। वार्डवासियों के अनुसार तीन-चार ट्यूबवैल से तार चोरी की घटना हो चुकी है। उन्हें शक है कि यह युवक अन्य खेतों से भी ट्यूबवैल की तार चोरी करता होगा। साथ ही कहा कि इनकी गैंग बनी हुई है। इसमें करीब आधा दर्जन युवक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सूचना देने पर शुक्रवार को पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ थाना ले गई। वार्डवासियों ने उक्त युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर चुराई गई तारें बरामद करने की मांग की।