एनीमिया मुक्त राजस्थान कार्यक्रम के तहत शक्ति दिवस मनाया हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। खून की कमी के कारण होने वाले शारीरिक व मानसिक नुकसान को रोकने के लिए शुक्रवार को जिले के आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य केंद्रों पर एनीमिया मुक्त राजस्थान कार्यक्रम के तहत शक्ति दिवस मनाया गया। जंक्शन के वार्ड 10 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम की शुरूआत वार्ड पार्षद गुरदीप सिंह बराड़ ने बच्चों को एनिमिया मुक्ति के लिए सिरप पिलाकर की। शक्ति दिवस पर आशा सहयोगिनियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्कूल नहीं जाने वाली किशोरियों, बच्चों तथा गर्भवती व धात्री महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्र बुलाकर उन्हें एनीमिया के बारे में जानकारी दी गई। एएनएम कोमल पारीक ने बताया कि छह माह से 59 माह तक के बच्चों, पांच से नौ वर्ष तक के विद्यालय नहीं जाने वाले बच्चों, 10 से 19 साल तक की विद्यालय नहीं जाने वाली सभी किशोरी बालिकाओं तथा 20 से 24 साल की विवाहित महिलाओं, गर्भवती व धात्री माताओं को आंगनबाड़ी केंद्र पर आशा सहयोगिनी की ओर से मोबिलाइज किया गया। आशा की ओर से 6 से 59 माह तक के बच्चों को 1 एमएम आईएफए सिरप पिलाई गई। वहीं पांच से नौ साल तक के विद्यालय नहीं जाने वाले बच्चों को आईएफए की गुलाबी गोली खिलाई गई ताकि उनके शरीर में खून की कमी न हो। 10 से 19 साल की विद्यालय नहीं जाने वाली सभी किशोरी बालिकाओं को आईएफए की नीली गोली खिलाई गई। आशा की ओर से बच्चों, किशोरी बालिकाओं, विवाहित, गर्भवती तथा धात्री महिलाओं की शारीरिक लक्षणों के आधार पर एनीमिया की रोकथाम के लिए स्क्रीनिंग भी की गई। इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रानी शाक्य, आशा सहयोगिन नीलम रानी आदि मौजूद रहे।