अलवर
कोरोना संक्रमण के चलते सरिस्का टाइगर रिजर्व फॉरेस्ट लॉकडाउन में बंद था। जो वापस पर्यटकों के लिए दो दिन पहले ही खुला है, लेकिन रविवार को सरिस्का बंद रहा। इस कारण सोमवार को सरिस्का में दिल्ली के आए पर्यटकों को सबसे पहले टाइगर एसटी 21 युवराज की साइटिंग हुई है। जिसे देखकर पर्यटकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इन दो दिनों में 200 पर्यटक सरिस्का पहुंचे और यहां रिजर्व फॉरेस्ट में घूमे।

टाइगर की साइटिंग के दौरान पर्यटक।
घाणका चाैकी पर साइटिंग
सरिस्का के गाइड श्याम सुंदर ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे ही पर्यटकों को सरिस्का के जंगल में घाणका चौकी के पास युवराज की साइटिंग हुई है। दिल्ली से आए पर्यटकों के सामने रास्ते में जैसे ही टाइगर एसटी 21 निकला तो सबके चेहरे पर खुशी छा गई। पर्यटकों ने तुरंत कैमरे निकाले और इस पल के कई फोटो ले लिए।

सरिस्का में इस तरह हरियाली।
जंगल में मंगल
इस समय सरिस्का के जंगल में मंगल है। इस बार जंगल में हरियाली चरम पर है। पानी के तालाब भरे हुए हैं। ऊंची-ऊंची पहाड़ियों पर घना जंगल हरा-भरा है। टाइगर के अलावा सभी तरह के वन्य जीव भी भ्रमण कर रहे हैं। इस बार मई माह में कई बार बारिश होने के कारण जंगल में रौनक है।
अब आने लगे पर्यटक
कोरोना महामारी की दूसरी लहर के चलते सरिस्का में सफारी बंद थी। करीब 68 दिन बाद जंगल में सफारी शुरू की है। सोमवार को सुबह के समय काफी पर्यटक सफारी का लुत्फ लेने पहुंच गए।