Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पीरखाना में चोरी, थाना प्रभारी से मिले नागरिक

  • पुलिस ने एक जने को किया राउंडअप
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जंक्शन की भट्ठा कॉलोनी स्थित श्री सांझा पीरखाना में दिनदहाड़े चोरी की वारदात हो गई। घटना 12 जून की दोपहर की बताई जा रही है। अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर गुरुवार को जंक्शन व टाउन स्थित श्री पीरखाना सेवा समिति के पदाधिकारी जंक्शन पुलिस थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई से मिले। इस दौरान प्रिन्स पुत्र सिकन्दर निवासी वार्ड 12, भट्ठा कॉलोनी, जंक्शन ने बताया कि भट्ठा कॉलोनी में एक पीरखाना स्थापित है जिसे श्री सांझा पीरखाना सेवा समिति की ओर से संचालित किया जाता है तथा वह इस पीरखाना का सेवादार है। वह पीरखाना में ही अलग से बने एक कमरे में निवास करता है तथा ई-रिक्शा चलाकर अपनी आजीविका चलाता है। 12 जून को वह ई-रिक्शा लेकर गया हुआ था। दोपहर करीब 2 बजे भट्ठा कॉलोनी का रहने वाला मोहित उर्फ सेठी पुत्र अशोक कुमार मेहरा पीरखाना के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अन्दर घुस गया और पीरखाना में से 51 सौ रुपए की माला, दानपात्र का गल्ला जिसमें करीब 50 हजार रुपए थे तथा उसका ई-रिक्शा का चार्जर चोरी कर ले गया। उसके ई-रिक्शा का चार्जर मोहित उर्फ सेठी की ओर से मोहित उर्फ टोनी को विक्रय किया जा रहा था। इससे स्पष्ट है कि यह चोरी मोहित उर्फ सेठी ने ही की है। उन्होंने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करते हुए चोरी किया गया सामान व नकदी बरामद करने की मांग की। उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी ने आश्वस्त किया है कि जल्द चोर को पकड़ बरामदगी की जाएगी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने इस संदिग्ध युवक को राउंडअप किया है। उसका दूसरा साथी फरार चल रहा है। पुलिस राउंडअप किए गए युवक से पूछताछ में जुटी है।