बालोतरा। बाड़मेर एसीबी टीम ने रविवार को बालोतरा जलदाय विभाग के एक्सईएन (एग्जीक्यूटिव इंजीनियर) जयप्रकाश गुप्ता को बंगले पर 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। जिसने जनता जल मिशन योजना में किए कार्य का बिल पास के एवज में ठेकेदार से कमीशन के रूप में रिश्वत की मांग की थी।
बाड़मेर एसीबी के एएसपी रामनिवास सूंडा ने बताया की जनता जल मिशन योजना के ठेकेदार ने 6 जून को ब्यूरो आॅफिस में शिकायत दी। उसने जलदाय विभाग में जनता जल मिशन योजना में काम किया है। 1 करोड़ 25 लाख रुपए के बिल पास करने की एवज में एक्सईएन जयप्रकाश गुप्ता ढाई प्रतिशत के हिसाब से कमीशन की मांग कर रहा है। बिना रिश्वत दिए काम ही नहीं करता है। रिश्वतखोर ने कहा- लोगों से 3 प्रतिशत लेता हूं। आपसे ढाई ले रहा हूं।
इस पर एसीबी टीम ने इसका सत्यापन करवाया। कमीशन की राशि 3 लाख 25 हजार रुपए में से ठेकेदार ने 2 लाख रुपए का सत्यापन के दौरान भुगतान किया। एक लाख बाद में देने को कहा। इस पर एसीबी एएसपी रामनिवास सूंडा के नेतृत्व में टीम ने रविवार को उनके निवास पर कार्रवाई की। आरोपी एक्सईएन जयप्रकाश गुप्ता को 1 लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
एसीबी की कार्रवाई के बाद आरोपी सफाई देता रहा। उसने गिड़गिड़ाते हुए एसीबी से कहा कि मुझे फंसाया जा रहा है। कार्रवाई के बाद सरकारी आॅफिसों में हड़कंप मच गया। वहीं, एसीबी की टीम ने परिवादी का नाम गोपनीय रखा गया।