को-आॅपरेटिव सोसायटी ने नहीं किया भुगतान, मुकदमा दर्ज
by seemasandesh
सत्यम हाउसिंग मल्टी को-आॅपरेटिव सोसायटी लिमिटेड के मैनेजर सहित तीन नामजद हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। पॉलिसी की राशि का भुगतान न कर ग्राहक के साथ धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में टिब्बी पुलिस थाना में कम्पनी के मैनेजर सहित तीन जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। जानकारी के अनुसार चेतराम पुत्र चिमनाराम कुम्हार निवासी कुलचन्द्र ने इस्तगासा के जरिए मुकदमा दर्ज करवाया कि वह हनुमानगढ़ जंक्शन में शिव मन्दिर सिनेमा रोड पर जाट धर्मशाला के नजदीक स्थित सत्यम हाउसिंग मल्टी को-आॅपरेटिव सोसायटी लिमिटेड का ग्राहक था। उसने सोसायटी की शाखा में 21 मार्च 2017 को पांच हजार रुपए पॉलिसी करवाई थी। सोसायटी की ओर से 21 मार्च 2021 को इस पॉलिसी की राशि ब्याज समेत अदा करनी थी लेकिन सोसायटी की ओर से इस दिनांक तक उक्त राशि अदा नहीं की गई। उसे आज-कल में राशि देने का आश्वासन देकर टालते रहे। उसकी ओर से बार-बार रुपयों की मांग किए जाने पर कम्पनी मैनेजर गुरदेव सिंह पुत्र बलंवत सिंह, प्रोपराइटर सुरेन्द्र अरोड़ा निवासी वार्ड 8, हनुमानगढ़ जंक्शन व बृजलाल पुत्र बीरबल निवासी वार्ड 5, हिरनावाली उसके घर आए और एचडीएफसी बैंक शाखा नजदीक नई धान मण्डी हनुमानगढ़ का 7835 रुपए का 25 दिसम्बर 2021 का एक चेक हस्ताक्षर कर सुपुर्द किया। जब उसने भुगतान प्राप्त करने के लिए यह चेक राजस्थान मरूधरा ग्रामीण बैंक शाखा कुलचन्द्र में लगाया तो बैंक की ओर से अदर रिजन डोरमेंट (अन्य कारण निष्क्रिय) आईएसएफ की टिप्पणी कर अनादरण मीमो के साथ वह चेक उसे वापस लौटा दिया गया। इस पर उसने सत्यम हाउसिंग मल्टी को-आॅपरेटिव सोसायटी लिमिटेड के मैनेजर वगैरा से सम्पर्क किया तो वे उसे धमकाने लगे और कहने लगे कि उन्होंने तो षड्यंत्र रचकर धोखाधड़ी करने के आशय से उससे रुपयों की ठगी करनी थी, जो कर ली। वे उसके रुपए नहीं लौटाएंगे। पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई किशोर सिंह को सौंपी है।