सोशल मीडिया पर संपर्क कर करता था धोखाधड़ी, प्रकरण में 20वीं गिरफ्तारी श्रीगंगानगर (सीमा संदेश)। युवाओं को लड़कियां व सैक्स वर्कर उपलब्ध करवाने के नाम पर ठगी प्रकरण में पुलिस ने रविवार को 20वीं गिरप्तारी की है। मामले में पुलिस ने जैतसर थाना क्षेत्र के गांव गोविंदसर व हाल पुरानी आबादी ग्रीन वैली निवासी पवन वर्मा उर्फ नोपा(22) पुत्र महेंद्र कुमार को हिरासत में लिया है। एसपी आनंद शर्मा के अनुसार उक्त आरोपित व गैंग में शामिल आरोपितों ने सोशल मीडिया जैसे फैसबुक और वॉट्सअप पर अपना नेटवर्क बना रखा था। इसका पता चलने पर जिला पुलिस की विशेष टीम के एएसआई पवन कुमार की रिपोर्ट पर 25 दिसंबर 2020 को कोतवाली थाने में एक प्रकरण दर्ज हुआ था। टीम को पता चला कि श्रीगंगानगर व सूरतगढ़ क्षेत्र के आरोपितों ने उक्त सोशल मीडिया पर आमजन से संपर्क कर ब्लैकमेल किया और पेटीएम पर रूपए डलवाकर ठगी की। मामले में पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए इस आरोपित से पहले 19 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें दयाशंकर, दीपाराम, गोपीराम, इंद्रपाल, मोहित कुमार उर्फ मोनू अरोड़ा, रमेश बेनीवाल, संदीप बेनीवाल, शुभराम, सुभाष, सुनील कुमार, रजत तिवाड़ी, लक्की चुघ उर्फ विक्की, जगदीश कुमार, पवन कुमार, भीम सैन, दीपक, दिनेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, अशोक कुमार के विरूद्ध जुर्म प्रमाणित जाने पर गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।