पतंजलि योग समिति व एससीडी अग्रवाल ट्रस्ट ने किया पौधारोपण हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। श्री सीडी अग्रवाल ट्रस्ट, पतंजलि योग समिति व भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के तत्वावधान में आचार्य बालकृष्ण का 50वां जन्म दिवस गुरुवार को जड़ी-बूटी दिवस के रूप में मनाया गया। इस मौके पर भारत स्वाभिमान ट्रस्ट संरक्षक चानणराम चौधरी, श्री सीडी अग्रवाल ट्रस्ट अध्यक्ष सुनील अग्रवाल सहित योग साधकों ने टाउन के नेहरू मेमोरियल विधि महाविद्यालय में योग कक्षा के उपरांत तुलसी, गिलोय, एलोविरा व नीम के औषधीय पौधे लगाए। इस मौके पर भारत स्वाभिमान ट्रस्ट संरक्षक चानणराम चौधरी ने कहा कि हमें पौधे लगाने के लिए सही समय व सही प्रकार के पौधों का चुनाव करना चाहिए। यदि हम विदेशी पौधे लगाते हैं, तो पर्यावरण संरक्षण का हमारा उद्देश्य पराजित हो सकता है। हमें हर जगह देसी और स्थानीय पौधे लगाने की कोशिश करनी चाहिए। पेड़ पृथ्वी, उसके पर्यावरण और सभी के जीवन के लिए अति महत्वपूर्ण हैं। श्री सीडी अग्रवाल ट्रस्ट अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि अपने-अपने घरों के गमलों में कम से कम 5-5 औषधीय पौधे अवश्य लगाने चाहिए। उन्होंने आमजन से कहा कि कोई भी परिवार अपने घर में तुलसी, एलोविरा व गिलोय के पौधे लगाना चाहता है तो श्री सीडी अग्रवाल ट्रस्ट की ओर से उन्हें यह औषधीय पौधे निशुल्क उपलब्ध करवाए जाएंगे। इस मौके पर किशनलाल सुथार, देवराज जोशी, ब्रह्मप्रकाश बंसल, मनोहर लाल शर्मा, राजेन्द्र ग्रोवर, अरनीश ग्रोवर, संजय मित्रुका, मुकेश अग्रोहिया, हेमलता शर्मा, दिनेश शर्मा आदि मौजूद थे।