आजादी में स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से कराया रूबरू
by seemasandesh
स्वतंत्रता सेनानियों का आजादी में योगदान विषय पर गोष्ठी का आयोजन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन के गांधीनगर स्थित आदर्श बाल निकुंज स्कूल में शनिवार को स्वतंत्रता सेनानियों का आजादी में योगदान विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हंसराज जाजेवाल, नगर परिषद की पूर्व उपसभापति व पार्षद नगीना बाई, पार्षद गुरदीप सिंह बराड़ व आशीष गौतम थे। अध्यक्षता विद्यालय संस्थापक फुलसिंह ने की। गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डीईओ हंसराज जाजेवाल ने कहा कि इतिहास गवाह है कि राजस्थान के लोगों ने देश की आजादी की लड़ाई में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूर्व उपसभापति नगीना बाई ने बच्चों को आजादी की लड़ाई में राजस्थान के लोगों की भूमिका को रेखांकित करते हुए अल्मोड़ा अखबार, सल्ट क्रांति और महात्मा गांधी की अगुवाई में हुए दांडी मार्च में स्वतंत्रता सेनानियों की भागीदारी को याद किया। विद्यालय संस्थापक फुलसिंह ने देश की एकता एवं अखंडता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रीय एकता में योगदान देने वाले लोह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस एवं शहीद भगतसिंह की जीवनी पर प्रकाश डाला। देश को आजाद कराने में स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान, समर्पण एवं त्याग पर प्रकाश डालते हुए युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेने की बात कही। पार्षद गुरदीप सिंह बराड़ ने नमक कानून के विरोध में दांडी यात्रा के बारे में युवा पीढ़ी को जानकारी दी। अतिथियों के संबोधन के बाद बच्चों ने गोष्ठी में हिस्सा लेते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में जानकारी सभी के साथ सांझा की। विद्यालय निदेशक गुरप्रीत सिंह ने बताया कि विद्यालय की ओर से रविवार शाम को शहीदे आजम भगत सिंह चौक पर दीपोत्सव का कार्यक्रम किया जाएगा। उन्होंने दीपोत्सव में हिस्सा लेकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का आह्वान नागरिकों से किया।