गुरदासपुर (वार्ता). पंजाब में गुरदासपुर सेक्टर में बी.ओ.पी.चंड़ीगढ़ के पास अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल की 73वीं बटालियन के जवानों ने कल रात भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर रहे पाकिस्तानी ड्रोन पर फायरिंग कर उसे भागने के लिए मजबूर कर दिया।
बीएसएफ के गुरदासपुर सेक्टर के डी.आई.जी. प्रभाकर जोशी ने गुरुवार को बताया कि सीमा सुरक्षा बल की 73वीं बटालियन के जवानों ने बी.ओ.पी.चंडीगढ़ पर रात लगभग 1-15 बजे भारतीय क्षेत्र मे प्रवेश कर रहे पाकिस्तानी ड्रोन की आवाज सुनते ही उस पर फायरिंग शुरू कर दी तथा रोशनी छोड़ने वाले इल्लू बम भी छोड़े। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बल के जवानों ने फायरिंग कर पाकिस्तानी ड्रोन को वापस जाने के लिए मजबूर कर दिया।
उप-महानिरीक्षक श्री जोशी ने बताया कि सीमा सुरक्षा बल तथा पुलिस ने आज संयुक्त रूप मे सुबह से ही तलाश अभियान चलाया हुआ है। जवानों की चौकसी के कारण पाकिस्तानी ड्रोन को वापस जाना पड़ा। उन्होंने सीमावर्ती लोगों से अपील की है कि देश की सुरक्षा के मद्देनजर भारत-पाकिस्तान सीमा के पास यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति, ड्रोन मिले या अन्य चीज मिले तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी सीमा सुरक्षा बल की चौकी या पोस्ट पर दें।