बेंगलुरु
कर्नाटक पुलिस ने नाबालिग लड़कियों से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न मामले में आरोपी लिंगायत संत शिवमूर्ति मुरुघा शरणारू के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। एहतियात के तौर पर यह नोटिस जारी किया गया है। बता दें कि लुक आउट नोटिस या सर्कुलर (एलओसी) इसलिए जारी किया जाता है ताकि कोई भी फरार या वांछित व्यक्ति देश छोड़ने में सक्षम न हो। महंत के खिलाफ नोटिस सभी आव्रजन चौकियों जैसे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों व बंदरगाहों को जारी किया गया है।
शिवमूर्ति मुरुघा शरणारू कर्नाटक के चित्रदुर्ग में एक प्रमुख लिंगायत मठ के प्रमुख महंत हैं। महंत की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हो रहे विरोध के बीच कर्नाटक पुलिस ने गुरुवार को यौन उत्पीड़न मामले में मठ द्वारा संचालित स्कूल हॉस्टल के मुख्य वार्डन को हिरासत में ले लिया है। इस मामले में पुलिस की यह पहली दंडात्मक कार्रवाई है।
मुरुगा मठ के महंत की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई शुक्रवार तक टली
इस बीच चित्रदुर्ग की एक स्थानीय अदालत ने यौन उत्पीड़न मामले में मठ के प्रमुख महंत शिवमूर्ति मुरुगा शरणारु की अग्रिम जमानत याचिका की सुनवाई शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दी है। महंत के खिलाफ बाल यौन अपराध संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मुकदमा दायर किया गया है।