चंडीगढ़
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गुलाम नबी आजाद से मुलाकात करने पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा ने कहा कि इस कदम ने पार्टी के आम कार्यकर्ताओं को भ्रमित तथा निराश किया है। आजाद ने गत शुक्रवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता समेत सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। सोमवार को उन्होंने अपने पुराने दल और उसके नेतृत्व पर तीखा प्रहार करते हुए कहा था कि ‘बीमार’ कांग्रेस को दुआ की नहीं, दवा की जरूरत है, लेकिन उसका इलाज ‘कम्पाउंडर कर रहे हैं।
ऐसी खबर है कि कांग्रेस कार्यकारी समिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य और पार्टी की हरियाणा इकाई की पूर्व अध्यक्ष सैलजा ने पार्टी के आलाकमान के समक्ष हुड्डा के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है और उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने की मांग की है। हुड्डा के अलावा जी-23 के दो अन्य सदस्यों आनंद शर्मा और पृथ्वीराज चह्वाण ने मंगलवार को आजाद से दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की थी।
सैलजा ने अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के हरियाणा मामलों के प्रभारी विवेक बंसल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के समक्ष यह मामला उठाया। जब सैलजा से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने बृहस्पतिवार को फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मैंने कहा है कि हुड्डा जी वहां जा रहे हैं और आजाद साहब से मिल रहे है जबकि वह (आजाद) नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराते हुए पार्टी छोड़ चुके हैं और उन्होंने हमारे नेताओं पर निजी टिप्पणियां भी की हैं, इससे पार्टी के कार्यकर्ता निराश हुए हैं तथा ये उन्हें भ्रमित भी करता है।’’