नई दिल्ली
ड्रीमफोक्स सर्विसेज (DreamFolks Services) का शेयर अलॉटमेंट फाइनल हो गया है। अब सभी की नजरें ड्रीमफोक्स सर्विसेज (DreamFolks Services IPO) की लिस्टिंग पर टिकी हुई हैं। कंपनी के शेयर 6 सितंबर 2022 को एक्सचेंज में लिस्ट हो सकते हैं। शेयर बाजार में गुरुवार को तेज गिरावट आई। वहीं, शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में बाजार फ्लैट रहा। लेकिन, ड्रीमफोक्स सर्विसेज के शेयरों का प्रीमियम ग्रे मार्केट में लगातार बढ़ रहा है। बाजार पर नजर रखने वाले लोगों के मुताबिक, ड्रीमफोक्स सर्विसेज के शेयरों का ग्रे मार्केट प्रीमियम शुक्रवार को बढ़कर 115 रुपये पहुंच गया है।
लगातार बढ़ रहा है कंपनी का ग्रे मार्केट प्रीमियम
बाजार पर नजर रखने वाले लोगों का कहना है कि ग्रे मार्केट में ड्रीमफोक्स सर्विसेज का प्रीमियम लगातार बढ़ रहा है। कंपनी का ग्रे मार्केट प्रीमियम शुक्रवार को 115 रुपये पर पहुंच गया है। कंपनी का ग्रे मार्केट प्रीमियम गुरुवार को 111 रुपये के स्तर पर था। यानी, गुरुवार के मुकाबले कंपनी का ग्रे मार्केट प्रीमियम 4 रुपये बढ़ गया है। मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि बाजार में जारी बिकवाली के बीच ड्रीमफोक्स सर्विसेज के ग्रे मार्केट प्रीमियम में बढ़ोतरी अच्छा संकेत है।