नई दिल्ली
पाकिस्तान और हांगकांग के बीच एशिया कप 2022 में आज मैच खेला जाना है। जो भी टीम इस मैच में जीत दर्ज करेगी, वह सुपर-4 में पहुंच जाएगी और हारने वाली टीम का सफर यहीं खत्म हो जाएगा। हांगकांग ने भारत के खिलाफ जिस तरह का प्रदर्शन किया, उसे देखते हुए पाकिस्तान के लिए राह बहुत आसान नहीं होने वाली है। हालांकि इस मैच में जीत का दावेदार फिलहाल पाकिस्तान ही नजर आ रहा है। मैच से पहले पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम और हांगकांग के कप्तान निजाकत खान की बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। यह वीडियो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने शेयर किया है।
इस वीडियो में निजाकत ने पाकिस्तान के कप्तान बाबर से टिप मांगी है। निजाकत खान का जन्म पाकिस्तान में ही हुआ है। निजाकत राइट हैंड बल्लेबाज होने के साथ-साथ लेग ब्रेक गेंदबाजी भी करते हैं। बाबर आजम पाकिस्तान के लिए पारी का आगाज करते हैं और निजाकत हांगकांग के लिए। निजाकत ने इस वीडियो में बल्लेबाजी को लेकर बाबर से टिप मांगी।