उदयपुर।
राजस्थान में चल रहे ग्रामीण ओलंपिक में कई प्रतिभाएं सामने आ रही हैं। इसमें खास प्रतिभा उदयपुर के छोटे से गांव भल्लों का गुड़ा का 11 साल का पिंटू है। कबड्डी के मैचों में उसने बड़ों-बड़ों को धूल चटा दी। खेल मंत्री अशोक चांदना भी उसकी तारीफ किए बगैर नहीं रह पाए। पिंटू का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को टैग किया है। पिंटू को अब फ्री ट्रेनिंग का ऑफर मिलने लगा है। पिंटू के दांव और फुर्ती देखने लायक है।
भल्लों का गुड़ा गांव में ग्रामीण ओलिंपिक के तहत कबड्डी टूर्नामेंट में पिंटू अपनी कबड्डी टीम के साथ मैदान में उतरा। पिंटू अपनी टीम का कैप्टन है। उसने कबड्डी में ऐसा मैनेजमेंट और खेल दिखाया कि टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचा दिया। इस मैच में पिंटू की टीम का मुकाबला उस टीम से था जिसमें 20 से 25 साल उम्र के खिलाड़ी भी थे। बेहद फुर्तीले अंदाज में पिंटू ने बड़े-बड़े धुरंधरों को धूल चटा दी।
मंत्री ने शेयर किया वीडियो
इस मैच का एक वीडियो खेल मंत्री अशोक चांदना ने भी सोशल मीडिया पर अपलोड किया है। जिसमें पिंटू ने सेंटर लाइन क्रॉस कर ऐसी रेड मारी कि महज चंद सेकेंड में एक खिलाड़ी को आउट कर पाले से बाहर कर दिया। दूसरे दांव में रेड मारने आए विरोधी टीम के एक खिलाड़ी को पिंटू ने एंकल होल्ड कर लिया और भागने का मौका तक नहीं दिया। मंत्री ने ट्विटर पर लिखा, ‘राजीव गाँधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों में एक छोटे से बच्चे का कबड्डी खेलते हुए यह अद्भुत वीडियो देखकर मन को अत्यंत खुशी मिली, जिसे शब्दों में नही लिखा जा सकता, अब वो दिन दूर नहीं जब प्रदेश के खिलाड़ी खेल जगत में देश और दुनिया में राजस्थान का नाम रोशन करेंगे।’