उदयपुर
उदयपुर में तेंदुए का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। केवड़ा वन क्षेत्र के बाद अब तेंदुआ उदयपुर के देबारी इलाके में दस्तक दे चुका है। बेखौफ तेंदुए का जोड़ा कभी मवेशियों को अपना शिकार बनाता है, तो कभी ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें भयभीत कर देता है। ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में तेंदुए का जोड़ा पानी की टंकी पर बैठ ग्रामीणों को डरा रहा है। इस दौरान ग्रामीणों ने भागकर अपनी जान बचाई।
तंग आ चुके हैं ग्रामीण
देबारी उप सरपंच चन्दन सिंह देवड़ा ने बताया कि पानी की टंकी पर बैठा तेंदुए का जोड़ा देबारी 12वीं आरएसी बटालियन क्षेत्र का है। यह जोड़ा काफी दिनों से बटालियन से सटे माताजी का खेडा, सिंगावत वाडा, भोपाली, हगदर लोहार बाडा की आबादी क्षेत्र में घुसकर मवेशियों का शिकार कर रहा है। ग्रामीण भी इनसे तंग आ चुके हैं।

पानी की टंकी पर बैठकर आराम फरमाता तेंदुए का जोड़ा।
कई मवेशियों को बना चुका शिकार
देवड़ा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में तेंदुआ बकरी, गाय, भैंस और बछड़ों को अपना शिकार बना चुका है। बावजूद इसके न तो वन विभाग द्वारा तेंदुए को पकड़ा जा रहा है, और न ही ग्रामीणों को मवेशियों की मौत का मुआवजा दिया जा रहा है। ऐसे में अगर समय रहते वन विभाग नहीं चेता तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
नई बात नहीं है
उदयपुर में यह पहला मौका नहीं है। इससे पहले भी उदयपुर के शहरी और ग्रामीण इलाकों में तेंदुए ने कोहराम मचा रखा था। पिछले 1 महीने में तेंदुआ उदयपुर में 4 लोगों की जान ले चुका है। वहीं 3 दर्जन से अधिक मवेशियों को अपना शिकार बना चुका है। आतंक का पर्याय बन चुके तेंदुए को पकड़ने में अब तक वन विभाग सफल नहीं हो पाया है। अब तक उदयपुर में सबसे ज्यादा तेंदुए का आतंक केवड़ा वन क्षेत्र में था। अब देबारी में तेंदुए की दस्तक ने ग्रामीणों के साथ वन विभाग के लिए भी परेशानी खड़ी कर दी है। देबारी उदयपुर में शहरी क्षेत्र से सटा हुआ इलाका है।