मुंबई
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने नेशनल और इंटरनेशनल घरेलू मैचों के लिए मास्टरकार्ड को अपना टाइटल स्पॉन्सर बनाया है। बोर्ड ने इसके लिए मास्टरकार्ड के साथ करार किया है। इस करार के तहत मास्टरकार्ड अब घरेलू मैदान पर आयोजित होने वाले सभी डोमेस्टिक और इंटरनेशनल मैचों (महिला और पुरुष दोनों) के लिए बीसीसीआई का टाइटल स्पॉन्सर होगा। इसमें बीसीसीआई द्वारा आयोजित ईरानी ट्रॉफी, दलीप ट्रॉफी और रणजी ट्रॉफी जैसे घरेलू क्रिकेट मैचों के साथ-साथ सभी जूनियर क्रिकेट (अंडर 19) और अंडर 23) मैच भी शामिल है।
इस अवसर पर बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा: “बीसीसीआई 2022-23 सीजन के लिए घरेलू क्रिकेट मैचों के टाइटल स्पॉन्सर के रूप में मास्टरकार्ड का स्वागत करता है। अंतरराष्ट्रीय घरेलू सीरीज के साथ साथ घरेलू टूर्नामेंट भी बीसीसीआई के महत्वपूर्ण हैं क्योंकि वे भारत को एक मजबूत अंतरराष्ट्रीय टीम बनाने की दिशा में एक कदम हैं।”
टीम इंडिया के पूर्व वर्ल्ड कप विजेता एमएस धोनी पिछले चार साल से मास्टरकार्ड के ब्रांड एम्बेसडर हैं। इस अवसर पर धोनी ने कहा, “क्रिकेट मेरा जीवन रहा है और मुझे वह सब कुछ दिया जो मेरे पास है। बीसीसीआई के सभी घरेलू क्रिकेट मैचों और विशेष रूप से घरेलू, जूनियर और महिला क्रिकेट के लिए मास्टरकार्ड का बीसीसीआई के साथ जुड़ने को लेकर मैं उत्साहित हूं।”