श्रीनगर
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकियों और सुरक्षाबलों की मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने 5 आतंकियों को मार गिराया है। कश्मीर के IGP (इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस) विजय कुमार ने बताया कि फिलहाल आतंकियों की पहचान की जा रही है। 2 की पहचान हो गई है। एक आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का जिला कमांडर निशाज लोन और दूसरा पाकिस्तानी आतंकवादी है।
मुठभेड़ में सेना का एक जवान भी शहीद हो गया है। राजपोरा इलाके के हंजिन गांव में आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी बीच आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी और एनकाउंटर शुरू हो गया।

सुरक्षाबलों को राजपोरा इलाके के हंजिन गांव में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी।
सुरक्षाबलों ने 2 दिन पहले दो आतंकी ढेर किए थे
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बुधवार को भी एनकाउंटर हुआ था। कुलगाम के चिमेर इलाके में सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन के दौरान 2 आतंकवादी ढेर कर दिए थे।
27 जून को आतंकियों ने SPO को गोली मारी थी
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकवादियों ने रविवार रात एक स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) फयाज अहमद भट और उनकी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हमले में घायल उनकी 21 साल की बेटी रफिया ने भी सोमवार सुबह करीब 4 बजे दम तोड़ दिया था।