बीकानेर
प्रदेशभर के वेटरनरी कॉलेज में एडमिशन के लिए राजस्थान प्री वेटरनरी टेस्ट (RPVT) रविवार काे सुबह दस बजे से बीकानेर, उदयपुर व जयपुर के परीक्षा केंद्रों परहोगी। राज्यभर के आठ हजार 138 केंडिडेट्स इस एग्जाम में हिस्सा ले रहे हैं।
वेटरनरी युनिवर्सिटी ने एग्जाम के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। परीक्षा केन्द्र पर निगरानी के लिए युनिवर्सिटी की ओर से पर्यवेक्षक और सहायक पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा के आकस्मिक निरीक्षण के लिए उड़न दस्तों का गठन किया गया है। RPVT समन्वयक प्रो. ए.पी. सिंह ने बताया कि बीकानेर में दस, जयपुर में पांच और उदयपुर में पांच एग्जाम सेंटर्स बनाए गए हैं। इन सेंटर्स पर लगभग 8158 केंडिडेट्स एग्जाम देंगे। सभी अभ्यर्थियों को ऑनलाइन प्रवेश पत्र जारी किये गए हैं।
केंडिडेट्स को सुबह साढ़े नौ बजे तक ही परीक्षा केन्द्र में प्रवेश दिया जायेगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ मूल फोटो ID प्रूफ साथ लाना आवश्यक होगा। सभी अभ्यर्थियों को ड्रेस कोड पालना की अनिवार्यता रहेगी। परीक्षा केन्द्र में मोबाइल फोन या अन्य सामग्री एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का लाना वर्जित रहेगा। परीक्षा केन्द्रों पर इसकी सख्ती से जांच पड़ताल के लिए मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। समस्त परीक्षा केन्द्रों पर पैनी नजर रखने के लिए उड़न दस्तों और पुलिस जाब्तों का बंदोबस्त किया गया है। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर अभ्यर्थियों की वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी।