बीकानेर. वर्ष 2021 में डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन के दो वर्षीय पाठ्याक्रम में प्रवेश के लिए अब तक दो लाख अभ्यर्थियों ने अपना पंजीयन करा लिया है। प्रारंभिक शिक्षा विभाग के पंजीयक शिक्षा विभागीय परीक्षाएं द्वारा ये तीसरा वर्ष है जब पंजीयक शिक्षा विभागीय परीक्षाएं को इसका समन्वयक बनाया गया है। पहले बीएसटीसी के नाम से पहचान रखने वाली इस परीक्षा का नाम अब प्री डीएलएड हो गया है। दो वर्षीय इस कोर्स में प्राथमिक कक्षाओं को पढ़ाने वाले शिक्षकों को शिक्षक प्रशिक्षण दिया जाता है। डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन किए अभ्यर्थी पहली से पांचवीं तक के बच्चों को अध्ययन कराते है जिन्हे अध्यापक लेवल प्रथम के पद पर रीट में सफल होने तथा मेरिट में आने पर नियुक्तियां दी जाती है। दो वर्षीय इस कोर्स में सफल होने वाले अभ्यर्थी ही रीट में शामिल होने की योग्यता हासिल कर पाते है। इस वर्ष प्री डीएलएड के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया 9 जून से शुरू हो चुकी है तथा आवेदन 10 जुलाई तक किए जा सकेंगे। पिछले वर्ष छह लाख 69 हजार अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया था। अभी आवेदन के लिए करीब 11 दिन बाकी है। इस प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन 33 जिलों में एक साथ किया जाता है। पिछले वर्ष 33 जिलों में 3356 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा समन्वयक पालाराम मेवता ने बताया कि इस बार ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। आवेदक अपने मोबाइल से भी आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सकते है। उन्होंने बताया की प्री डीएलएड परीक्षाओं की तिथियां सरकार के निर्देशानुसार तय की जाएगी।