नई दिल्ली
अफगानिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2022 के अपने आखिरी मैच में भारत ने 101 रनों से जीत हासिल की। इस मैच को लेकर फैंस के बीच ज्यादा उत्साह देखने को नहीं मिल रहा था। क्योंकि दोनों टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी थी और ये मैच बस औपचारिकता के लिए रह गया था। लेकिन इस मैच में विराट कोहली ने अपने शतकों की संख्या 70 से बढ़ाकर 71 कर दी। फैंस से ज्यादा विराट कोहली अपने 71वें इंटरनेशनल शतक के लिए बेताब थे और उन्होंने 1020 दिनों के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए अफगानिस्तान के खिलाफ 122 रनों की नाबाद पारी खेली। स्टेडियम में ये देखने के लिए ज्यादा दर्शक मौजूद नहीं थे, लेकिन जिन्होंने भी देखा होगा वो इस पल को कभी नहीं भूल पाएगा।
दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में मौजूद एक पाकिस्तान फैन के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है, जिसे वह जिंदगी भर नहीं भूल पाएगा और उस चीज को संभाल कर रखना चाहता है। दरअसल विराट कोहली के 71वें शतक लगाने के बाद फैन को अपने बल्ले पर कोहली का ऑटोग्राफ मिला है।
अपने YouTube चैनल पर पत्रकार विमल कुमार से बात करते हुए प्रशंसक ने खुलासा किया कि कैसे उन्होंने कोहली से वह अनमोल गिफ्ट हासिल करने में कामयाबी हासिल की और कहा कि यह क्रिकेट सितारों से ऑटोग्राफ किए गए बल्ले के अपने विशेष संग्रह के हिस्से के रूप में हमेशा उनके पास रहेगा।