Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

नहीं बढ़ेगी हॉस्टल फीस, छात्रों को राहत 

जयपुर

प्रदेश के सबसे बड़े विवि राजस्थान विश्वविद्यालय में सत्र 2022-23 के लिए छात्रावासों  के प्रवेश शुल्क में की गई 10 फीसदी बढ़ोतरी को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। वहीं हॉस्टल में रह रहे विभिन्न विभागों के छात्र अब रात 10 बजे तक हॉस्टल जा सकेंगे। जबकि शोध और एलएलएम में अध्ययनरत छात्राओं के लिए रात में प्रवेश का समय 11 बजे तक रहेगा। इस संबंध में यूनिवर्सिटी के उप कुलसचिव डॉ. कुलदीप मिश्रा ने आदेश जारी किए हैं। उल्लेखनीय है कि विवि के छात्र लंबे समय से हाॅस्टल में प्रवेश का समय बढ़ाने की मांग कर रहे थे। जिसके बाद यूनिवर्सिटी  प्रशासन ने मांगों को मानते हुए ये फैसला लिया है।

15 सितबंर से 17 सिंतबर तक प्रवेश शुल्क जमा कराना होगा

राजस्थान विश्वविद्यालय के संघटक कॉलेज महाराजा, महारानी, कॉमर्स और राजस्थान कॉलेज में प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए दूसरी कट ऑफ लिस्ट जारी करने के बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। दूसरी प्रवेश सूची में चयनित विद्यार्थियों को संघटक कॉलेज में 13 सितंबर को दस्तावेजों का सत्यापन करवाना होगा. साथ ही 15 सितबंर से 17 सिंतबर तक ऑनलाइन माध्यम से अपना प्रवेश शुल्क जमा करवाना होगा।

कट ऑफ लिस्ट जारी

महारानी कॉलेज में साइंस, कॉमर्स और कला संकाय में प्रवेश के लिए कट ऑफ लिस्ट जारी की गई है। कोर्स के साथ ऑनर्स में प्रवेश के लिए भी कटऑफ जारी कर दी गई है। वहीं, महाराजा कॉलेज ने बीएससी पास कोर्स और ऑनर्स की कटऑफ लिस्ट जारी की है। इसके साथ ही बीसीए की भी कटऑफ जारी की गई है। जबकि कॉमर्स कॉलेज ने बीकॉम, एबीएसटी, बीएडीएम, ईएएफएम, बीबीए और बीसीए की कटऑफ जारी की है. कॉमर्स कॉलेज में वेटिंग लिस्ट भी जारी की गई है. साथ ही राजस्थान कॉलेज ने बीए, बीए ऑनर्स और बीए एसएफएस कोर्स में प्रवेश के लिए लिस्ट जारी कर दी है। संघटक कॉलेजों में खाली सीटों पर ये दूसरी मेरिट कटऑफ लिस्ट निकाली गई है।