Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सचिन पायलट समर्थक कांग्रेस MLA ने दिखाई वफादारी, राकेश पारीक बोले- पायलट के लिए खून का एक-एक कतरा दे दूंगा

जयपुर

राजस्थान की राजनीति में सचिन पायलट और गहलोत समर्थक विधायकों के बीच बयानबाजी का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेस विधायक राकेश पारीक ने एक बार सचिन पायलट की तारीफों के पुल बांधे हैं। अपने विधानसभा क्षेत्र मसूदा में राकेश पारीक ने कहा कि वह सचिन पायलट के लिए अपने खून का एक-एक कतरा दे देंगे। क्योंकि पायलट ने उन्हें बहुत सम्मान और प्यार दिया है। मसूदा विधायक का यह बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। विधायक राकेश पारीक मसूदा विधानसभा क्षेत्र के देवमाली गांव में श्रीनारायण की भजन संध्या में उपस्थित लोगों में संबोधिक कर रहे थे। इसका सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ है। उल्लेखनीय है कि राकेश पारीक को कट्टर पायलट समर्थक विधायक माना जाता है। 

पायलट समर्थक विधायकों की बयानबाजी जारी

राजस्थान में इन दिनों पायलट समर्थक विधायकों की बयानबाजी का दौर चरम पर है। हाल ही में पायलट समर्थक विधायक इंद्राज गुर्जर और वेदप्रकाश सोलंकी ने खुलकर गहलोत सरकार पर निशाना साधा था। कोटपूतली विधायक इंद्राज गुर्जर ने तो गहलोत समर्थक गुर्जर समाज के विधायकों को खुलकर चुनावों में परिणाम भुगतने की धमकी तक दे डाली। विधायक इंद्राज गुर्जर ने गहलोत समर्थक विधायकों को गद्दार तक बता दिया। इसी प्रकार विधायक वेदप्रकाश गुर्जर ने सचिन पायलट के जन्मदिन पर राजधानी जयपुर में लगे पोस्टर एवं होर्डिंग्स को हटाने पर सीएम अशोक गहलोत पर निशाना साधा। सोलंकी ने कहा कि सरकार के निर्देशों पर ही पायलट के पोस्टर हटाए गए है। उन्होंने कहा कि वह पायलट समर्थक है। किसी पार्टी का समर्थक नहीं है। हालांकि, उसके बयान पर पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने नाराजगी जताई और कहा कि पार्टी से बड़ा कोई नहीं है।