सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर। समाजसेवी भाजपा नेता संजय मूंदड़ा ने एक अनाथ बच्चे को सहारा देने के लिए एक ठोस कदम उठाया है। यह बच्चा आर्यण यादव वर्तमान में विवेक आश्रम में रहता है। संजय मूंदड़ा ने इस बच्चे की सहायता के लिए आश्रम के संस्थापक स्वामी श्री अनन्तानंद जी को एक लाख एक हजार रुपये की एफडी भेंट की जो कि बच्चे पर खर्च की जायेगी। याद दिल दें कि सूरतगढ़ रोड पर स्थित बिड़ला पब्लिक स्कूल भवन के निर्माण के दौरान आर्यण के पिता की दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उस समय स्कूल के प्रबंधकों ने किसी भी प्रकार की सहायता उपलब्ध करवाने से इन्कार कर दिया था। चूंकि आर्यण की माता का पूर्व में देहांत हो चुका है,लिहाजा पिता के खो जाने के बाद आर्यण अनाथ और बेसहारा हो गया, इसलिए उसको विवेक आश्रम में भर्ती करवाया गया। विवेक आश्रम के संस्थापक स्वामी अनन्तानंद ने सार्वजनिक रूप से अपील की थी, उन्होंने कहा था कि आर्यण यादव बहुत ही प्रतिभाशाली बच्चा है, अगर उसे किसी का सहारा मिल जाये तो उसका भविष्य उज्ज्वल हो सकता है। अपील को सुनकर भाजपा नेता संजय मूंदड़ा ने आर्यण यादव की सहायता के लिए हाथ बढ़ाये। संजय मूंदड़ा ने विवेक आश्रम में जाकर स्वामी आनन्तानंद को एक लाख एक हजार रुपये की एफडी भेंट की, ताकि आर्यण यादव का करियर सुधर सके। स्वामी अनन्तानंद ने इस उदारता के लिए संजय मूंदड़ा का धन्यवाद करते हुए उन्हें आशीष से नवाजा और कहा कि आप की यह दरियादिली बनी रहे। इस अवसर पर प्रेम भाटिया, निशांत गर्ग और मनोज गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित थे।