नई दिल्ली
कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल के जरिए एक तस्वीर पोस्ट की गई थी। उस तस्वीर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के ड्रेस कोड को जलते हुए दिखाया गया था। इस ट्वीट को लेकर जमकर बवाल हुआ। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर चौतरफ वार किया। इस बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने भी एक तस्वीर जारी की है। इस तस्वीर में भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू निक्कर में दिख रहे हैं।
कांग्रेस और खासकर राहुल गांधी की आलोचना के लिए मशहूर हिमंता सरमा ने तस्वीर पोस्ट करते हुए कांग्रेस से पूछा है कि क्या इसे भी जला दोगे।
हालांकि, फोटो में नेहरू आरएसएस की खाकी वर्दी में नहीं बल्कि कांग्रेस के सेवा दल की वर्दी में दिख रहे हैं। शॉर्ट्स में नेहरू की तस्वीरें अक्सर इस झूठे दावे के साथ वायरल होती हैं कि नेहरू ने भगवा खाकी पहनी थी और आरएसएस की एक बैठक में शामिल हुए थे।
आपको बता दें कि राहुल गांधी इन दिनों कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। इस बीच कांग्रेस ने सोमवार को आलोचना करते हुए ट्वीट किया, “देश को नफरत के बंधन से मुक्त करने और भाजपा-आरएसएस द्वारा किए गए नुकसान को कम करने के लिए कदम दर कदम हम अपने लक्ष्य तक पहुंचेंगे।”