Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

रोजगार के नए आयाम स्थापित करने के लिए किया प्रोत्साहित

  • औद्योगिक प्रोत्साहन शिविर का आयोजन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जिला उद्योग केन्द्र के तत्वावधान में बुधवार को जंक्शन स्थित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में औद्योगिक प्रोत्साहन शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक दिनेश राजपुरोहित व वरिष्ठ सहायक विक्रम सिंह राठौड़ थे। अध्यक्षता आरसेटी निदेशक पीएस पथारी ने की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता दिनेश राजपुरोहित ने केन्द्र-राज्य सरकार की ओर से संचालित फ्लैगशिप योजना, मुख्यमंत्री लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना, रिप्स-2019, एमएसएमई 2019 और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देकर इनसे अधिक से अधिक लाभान्वित होकर रोजगार के नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने उद्यमियों को जिला उद्योग केन्द्र में चल रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए आवेदन पत्र भरने की विधि, आवश्यक दस्तावेजों, योग्यता, प्रोजेक्ट, ऋण छूट सहायता आदि से अवगत करवाया। बैंक के अधिकारियों ने नए उद्यमियों को उद्योग लगाने के संबंध में बैंकों की ऋण योजनाओं की जानकारी दी। आरसेटी निदेशक पीएस पथारी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को राजस्थान कृषि प्रसंस्करण, कृषि व्यवसाय एवं कृषि निर्यात प्रोत्साहन योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना, राष्ट्रीय कृषि बाजार योजना, ई-भुगतान प्रोत्साहन योजना, कृषि अवरसंरचना कोष योजना, ऋण पर मिलने वाली छूट का महत्व बताया। इसी के साथ-साथ प्रधानमंत्री हेल्थ केयर बिजनेस लोन से अवगत कराया। मुख्यमंत्री लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में भावी उद्यमियों को जानकारी देते हुए नए उद्योग लगाने के लिए जिला उद्योग विभाग से संपर्क कर अपने उद्यम का विस्तार करने का आह्वान किया। उन्होंने बुनकरों को मुख्यमंत्री लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत देय सुविधाओं की जानकारी भी दी। शिविर में स्वयं सहायता की महिलाआें के साथ अनुदेशक अनिल राठौड़, रितिक अरोड़ा, मनप्रीत कौर, गणेश राम, महेन्द्र कुमार, सूरज कुमार आदि मौजूद थे।