Sunday, May 17निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

रेलवे फाटक से गुजरने के लिए रास्ता उपलब्ध कराने की मांग

  • व्यापारियों ने किया रोष प्रदर्शन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जंक्शन में श्रीगंगानगर मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक पर चल रहे आरयूबी निर्माण कार्य के दौरान बंद किया गया रास्ता पैदल व साइकिल पर जाने वाले लोगों के लिए खोलने की मांग व्यापार मंडल ने की है। इस संबंध में व्यापार मंडल अध्यक्ष प्यारेलाल बंसल के नेतृत्व में व्यापारियों ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों से भी मुलाकात की। गुरुवार को व्यापारियों ने व्यापार मण्डल अध्यक्ष प्यारेलाल बंसल के नेतृत्व में मौके पर एकत्रित होकर रोष प्रदर्शन भी किया। इस मौके पर व्यापार मण्डल अध्यक्ष प्यारेलाल बंसल ने बताया कि श्रीगंगानगर रेलवे फाटक पर आरयूबी का निर्माण कार्य चल रहा है। इस कारण रेलवे फाटक बंद कर दिया गया है। आरयूबी का निर्माण कार्य करीब एक साल में पूरा होगा। साइकिल या पैदल जाने वालों के लिए भी रास्ता नहीं छोड़ा गया। मजबूरीवश करीब पांच किलोमीटर दूरी तय कर सूरतगढ़ रेलवे फाटक से आना पड़ता है। इस कारण आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आरयूबी का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले रास्ते की व्यवस्था की जानी थी। इस बारे में आरयूबी का निर्माण कार्य करवा रही सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों से भी बुधवार को मुलाकात की थी। अधिकारियों ने रास्ता उपलब्ध करवाने के लिए आश्वस्त किया है। उन्होंने मांग की कि पैदल व साइकिल पर जाने वाले लोगों को श्रीगंगानगर रेलवे फाटक से गुजरने के लिए रास्ता उपलब्ध करवाया जाए। इसके लिए व्यापार मंडल की ओर से संघर्ष किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व पार्षद रामसिंह, जगदीश राय अग्रवाल, जसवीर शर्मा आदि मौजूद थे।