Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

कोटा में थाने के अंदर युवक ने खुद को लगाई आग, कांग्रेस पार्षद पर लगाया मारपीट का आरोप

कोटा।
राजस्थान के कोटा स्थित नयापुरा थाने में गुरुवार देर शाम को एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने समय रहते उसे बचा लिया और तत्काल एमबीएस अस्पताल में उपचार के लिए भेजा। चिकित्सकों के मुताबिक युवक 40 से 45% तक जल चुका है। वहीं शुरुआती जांच और पुलिस से मिली जानकारी में सामने आया कि स्थानीय पार्षद हरिओम सुमन से पीड़ित राधेश्याम का विवाद चल रहा था। जिसके बाद उसने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाना परिसर में खुद को आग लगा ली।

व्हाट्सएप पर टिप्पणी को लेकर हुआ विवाद शुरू
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी में सामने आया कि पीड़ित राधेश्याम एक फरियाद लेकर स्थानीय कांग्रेस पार्षद हरिओम सुमन के पास गया था। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। जिसके बाद राधेश्याम ने व्हाट्सएप पर कांग्रेस पार्षद को लेकर कोई टिप्पणी कर दी। वहीं कांग्रेस पार्षद ने इसकी शिकायत नयापुरा थाने में दी। इस दौरान राधेश्याम ने भी कांग्रेस पार्षद पर मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दी थी।

पहले से ही कपड़ों पर लगा कर आया था पेट्रोल
पुलिस ने इस पूरे मामले में जानकारी देते हुए बताया कि थाना परिसर में जो सीसीटीवी कैमरे लगे हैं उनको चेक किया गया तो सामने आया कि युवक ने थाने के अंदर घुसते ही खुद को आग लगा ली थी। सीसीटीवी में उसके पास पेट्रोल की बोतल या अन्य सामान नजर नहीं आया। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि वह पहले से ही अपने कपड़ों पर पेट्रोल लगा कर आया था और आते ही उसने आग लगा ली। जिससे उसका शरीर का 40 से 45% हिस्सा जल गया।