Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

संजू सैमसन की कप्तानी में हार्दिक पांड्या का रिप्लेसमेंट होगा ‘तैयार’

नई दिल्ली
22 सितंबर से इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज खेली जानी है। इसके लिए इंडिया ए स्क्वॉड का ऐलान कर दिया गया है। टीम में कई जाने-माने नाम शामिल हैं, साथ ही कप्तानी का जिम्मा दिया गया है संजू सैमसन को, जिन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी टीम राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी करते हुए काफी प्रभावित भी किया है। इंडिया ए स्क्वॉड में एक नाम ऐसा है, जो थोड़ा चौंकाने वाला है। अंडर-19 वर्ल्ड कप 2022 में भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले ऑलराउंडर राज अंगद बावा को टीम में जगह मिली है, लेकिन उसके पीछे एक गणित है, चलिए समझते हैं क्यों इस खिलाड़ी को किया जा रहा है फास्ट ट्रैक।
फास्ट बॉलर ऑलराउंडर की कमी टीम इंडिया को लंबे समय तक रही है। हार्दिक पांड्या ने इस कमी को पूरा किया, लेकिन जब वह इंजरी और सर्जरी से परेशान रहे, तब भारत ने विजय शंकर और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ियों को उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर आजमाया। दोनों ही इस रोल में फ्लॉप साबित हुए। फिर शार्दुल ठाकुर पर भी दांव लगाया गया, लेकिन यह दांव भी कुछ खास हिट नहीं हुआ।
ऑल इंडिया सीनियर सिलेक्शन कमिटी ने इंडिया ए में बावा को जगह देकर उन्हें फास्ट ट्रैक करने का मन बना लिया है। हार्दिक फॉर्म में लौट चुके हैं, लेकिन टीम इंडिया जितना क्रिकेट खेलती है, ऐसे में हर खिलाड़ी का एक बढ़िया रिप्लेसमेंट होना टीम मैनेजमेंट की जरूरत है। ऐसा माना जा रहा है कि बावा को इसी वजह से फास्ट ट्रैक किया जा रहा है कि वह आने वाले समय में हार्दिक के रिप्लेसमेंट के तौर पर खेल सकें। अब देखना है कि स्क्वॉड में चुने गए बावा को कितना खेलने का मौका मिलता है और वह एक्सपीरियंस्ड खिलाड़ियों से कितना सीखते हैं।