Wednesday, May 13निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

वायुसेना से हटेंगे मिग-21 विमान, अभिनंदन ने इसी पर सवार हो पाक के F-16 को किया था धराशायी

नई दिल्ली
भारतीय वायुसेना अपने बेड़े से मिग-21 लड़ाकू विमानों को हटाने जा रही है। एक अधिकारी ने बताया कि एयरफोर्स 30 सितंबर को अपने मिग-21 फाइटर्स के चार शेष स्क्वाड्रनों में से एक को रिटायर करेगी। श्रीनगर स्थित 51 नंबर की इस स्क्वाड्रन को ‘स्वॉर्ड आर्म्स’ के रूप में भी जाना जाता है।
विंग कमांडर (अब ग्रुप कैप्टन) अभिनंदन वर्थमान ने 27 फरवरी, 2019 को नियंत्रण रेखा पर डॉगफाइट के दौरान पाकिस्तानी F-16 को मार गिराया था। इस बहादुरी के लिए उन्हें वीर चक्र से सम्मानित किया गया था, उस समय वह 51वें स्क्वाड्रन में थे।

जब अभिनंदन ने पाक के F-16 को किया धराशायी
पाकिस्तान के हवाई हमले का जवाब देने के लिए अभिनंदन ने उड़ान भरी थी। भारत ने 26 फरवरी, 2019 को पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में स्थित जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकाने पर हमला किया था। इसके बाद पाकिस्तानी वायुसेना ने भारत पर हमले की कोशिश की थी, जिसका करारा जवाब भारत ने दिया था। इसी दौरान अभिनंदन वर्थमान पीओके में मिग-21 से गिर गए थे और पाकिस्तानी सेना ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।