Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बेटा-बेटी समेत भाजपा में शामिल होंगे कैप्टन अमरिंदर सिंह, पार्टी का भी होगा विलय

नई दिल्ली
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस के प्रमुख कैप्टन अमरिंदर सिंह भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सोमवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी में शामिल हो सकते हैं। जानकारी के मुताबिक अमरिंदर सिंह अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का भी भाजपा में विलय करेंगे। इसके साथ ही उनके साथ उनकी पार्टी के कई अन्य नेता भी भाजपा का दामन थाम लेंगे।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी में शामिल होंगे
दरअसल, कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री पद से अचानक इस्तीफा देने के बाद पिछले साल कांग्रेस छोड़ दी थी और पंजाब लोक कांग्रेस का गठन किया था। पीएलसी के प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह बलियावाल ने पहले बताया था कि सिंह सोमवार को दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी में शामिल होंगे। रीढ़ की हड्डी की सर्जरी के बाद लंदन से हाल में लौटने के बाद अमरिंदर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।

उनके साथ बेटा और बेटी भी जॉइन करेंगे भाजपा
जानकारी के मुताबिक अमरिंदर सिंह रविवार को ही दिल्ली पहुंच गए थे। उनके साथ बेटा रण इंदर सिंह, बेटी जय इंदर कौर, मुक्तसर की पूर्व विधायक करण कौर और भदौड़ से पूर्व विधायक निर्मल सिंह भी भाजपा जॉइन करेंगे। इससे पूर्व कैप्टन के कई साथी भाजपा जॉइन कर चुके हैं। उधर भाजपा भी पंजाब में पार्टी के पुनर्गठन की तैयारी में है।