Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पत्रकारों के बच्चों को मिलेगी 13,500 रुपए तक की प्री-मैट्रिक व पोस्ट- मैट्रिक स्कॉलरशिप

जयपुर
राजस्थान के अधिस्वीकृत पत्रकारों के बच्चों को प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक स्कॉलरशिप मिलेगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस संबंध में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा तैयार अधिसूचना को मंजूरी प्रदान की है। राजस्थान सरकार की ओर से यह मंजूरी बीते 9 सितंबर को ही प्रदान की गई है।

पोस्ट -मैट्रिक में 13,500 रुपए तक की छात्रवृत्ति
पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप योजना के तहत उच्च शिक्षा संस्थानों में अध्ययनरत अधिस्वीकृत पत्रकारों के बच्चों को स्कॉलरशिप दी जाएगी। इसमें हॉस्टलर्स को 4,000 से 13,500 रुपए तक तथा डे स्कॉलर्स को 2,500 से 7,000 रुपए तक का प्रावधान है। 

पोस्ट-मैट्रिक स्कॉलरशिप योजना को चार वर्गों में बांटा गया है। स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के प्रोफेशनल डिग्री कोर्सेज के लिए हॉस्टलर्स को 13,500 रुपए व डे स्कॉलर्स को 7,000 रुपए की स्कॉलरशिप दी जाएगी। विभिन्न प्रोफेशनल कोर्सेज जिनमें डिग्री व डिप्लोमा सर्टिफिकेट मिलता हो, में अध्ययनरत हॉस्टलर्स को 9,500 रुपए व डे स्कॉलर्स को 6,500 रुपए की स्कॉलरशिप मिलेगी।  वहीं, 10वीं कक्षा के बाद किए जाने वाले विभिन्न नॉन डिग्री कोर्सेज के लिए हॉस्टलर्स को 4,000 रुपए व डे स्कॉलर्स को 2,500 रुपए की वार्षिक छात्रवृत्ति तथा अन्य स्नातक व स्नातकोत्तर कोर्सेज कर रहे हॉस्टलर्स के लिए 6,000 रुपए व डे स्कॉलर्स के लिए 3,000 रुपए की स्कॉलरशिप का प्रावधान किया गया है।