नई दिल्ली
कांग्रेस अध्यक्ष पद की दावेदारी के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत लगभग तैयार नजर आ रहे हैं। बुधवार को वह दिल्ली में अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करने पहुंचे। खास बात है कि उनकी बातों में प्रदेश और पार्टी साथ चलाने की इच्छा के संकेत मिल रहे हैं। साथ ही राजस्थान नहीं छोड़ने को भी पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के साथ टकराव के तौर पर देखा जा रहा है। इधर, पार्टी के एक और वरिष्ठ नेता शशि थरूर के भी चुनाव लड़ने की संभावनाएं हैं।
पहले गहलोत बनाम पायलट का एंगल समझें
अध्यक्ष पद की दौड़ में आगे चल रहे गहलोत राजस्थान को नहीं छोड़ना चाह रहे। मंगलवार को विधायकों के साथ हुई बैठक में उन्होंने कथित तौर पर भरोसा दिलाया कि ‘वह दूर नहीं जा रहे’। खबरें हैं कि उन्होंने कहा कि ‘मैं कहीं नहीं जा रहा, चिंता मत करो।’ इससे संकेत मिल रहे हैं कि वह सीएम पद छोड़ने के मूड में नहीं हैं।