नई दिल्ली
दिग्गज इनवेस्टर राधाकिशन दमानी अब भारत के पांचवें सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। यह बात बुधवार को रिलीज हुई IIFL वेल्थ हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2022 में सामने आई है। रिटेल चेन DMart चलाने वाली कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स पर भी राधाकिशन दमानी का मालिकाना हक है। 1.75 लाख करोड़ रुपये की दौलत के साथ 67 साल के दमानी 2 पायदान ऊपर चढ़कर रिच लिस्ट में पांचवें नंबर पर पहुंच गए हैं। हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2022 में गौतम अडानी और मुकेश अंबानी का दबदबा है।
पिछले 5 साल में 1,28,800 करोड़ बढ़ी दमानी की दौलत
पिछले पांच साल में दिग्गज इनवेस्टर राधाकिशन दमानी की वेल्थ 280 पर्सेंट या 1,28,800 करोड़ रुपये बढ़ी है। इकनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, रिच लिस्ट का डेटा बताता है कि राधाकिशन दमानी ने हर दिन 57 करोड़ रुपये कमाए और पिछले एक साल में उनकी दौलत 13 पर्सेंट बढ़ी है। दमानी के कंट्रोल वाली एवेन्यू सुपरमार्ट्स के देश भर में 200 से ज्यादा DMart शॉप्स हैं। एवेन्यू सुपरमार्ट्स के शेयर 21 सितंबर 2022 को बीएसई में 4307.20 रुपये पर बंद हुए हैं।