Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

दिल्ली कैपिटल्स को लगा झटका, अब तक कुल 9 खिलाड़ियों ने नाम वापस लिया; 19 सितंबर से शुरू होंगे मैच

दुबई

IPL फेज-2 से पहले दिल्ली कैपिटल्स की टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के अहम खिलाड़ी स्टीव स्मिथ चोट की वजह से लीग के बाकी बचे 31 मैच छोड़ने का फैसला लिया है। जानकारी के मुताबिक, स्मिथ कोहनी की चोट से जूझ रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया के बिजी शेड्यूल को देखते हुए उन्होंने रिस्क नहीं लेने का फैसला लिया है। 9 खिलाड़ियों ने पहले ही IPL से नाम वापस ले लिया है। 19 सितंबर से लीग के दूसरे फेज की शुरुआत हो सकती है।

स्मिथ ने विंडीज दौरे से नाम वापस लिया था
स्मिथ ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के वेस्टइंडीज दौरे से नाम वापस ले लिया था। इसके साथ ही वह अक्टूबर में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप से भी नाम वापस ले सकते हैं। स्मिथ ने क्रिकेट.कॉम.एयू (Cricket.com.au) से बातचीत में कहा कि मैं पहले फेज में भी कन्फ्यूज्ड था। जब भी मैं बैटिंग के लिए गया, तो मुझे दवा लेना पड़ा था। एक समय आया जब मुझे लगा कि मैं ठीक हो रहा हूं, पर अब स्थिति फिर से बिगड़ गई है।

एशेज को देखते हुए स्मिथ ने लिया फैसला
स्मिथ ने यह फैसला एशेज को देखते हुए लिया है। एशेज की शुरुआत 8 दिसंबर से हो रही है। इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली इस चर्चित सीरीज में स्मिथ ऑस्ट्रेलिया के सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। उन्होंने एशेज में 14 मैच में 93.76 की औसत से 1,969 रन बनाए थे। इस दौरान स्मिथ ने 8 शतक भी लगाए हैं। स्मिथ ने IPL 2021 में 6 मैच खेले थे। उन्होंने 26 की औसत से 106 रन बनाए थे। IPL सस्पेंड होने पर स्मिथ घर पहुंचने के बाद चोट पर ध्यान देना शुरू किया।

अब तक 9 खिलाड़ियों ने नाम वापस लिया
इंग्लैंड ने पहले ही अपने खिलाड़ियों को वापस लीग खेलने देने से मना कर दिया है। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स के क्रिस वोक्स, टॉम करन पहले ही बाहर हो चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया के मार्कस स्टोइनिस के खेलने पर सस्पेंस है। हालांकि, वेस्टइंडीज के शिमरोन हेटमायर उपलब्ध रहेंगे।

स्मिथ के अलावा पैट कमिंस, जोस बटलर, ओएन मोर्गन, जॉनी बेयरस्टो, सैम करन, मोइन अली, मुस्तफिजुर, रहमान और शाकिब अल हसन पहले ही लीग से नाम वापस ले चुके हैं।

UAE में होंगे IPL के बाकी बचे मैच
IPL 2021 को कोरोना मामले सामने आने के बाद 4 मई को सस्पेंड कर दिया गया था। तब लीग में 29 मैच हुए थे। अब भी इसमें 31 मैच खेले जाने हैं। IPL गवर्निंग काउंसिल और BCCI बाकी बचे मैचों को UAE में कराने जा रहा है। यह मैच UAE के 3 स्टेडियम में खेले जाएंगे।

टूर्नामेंट की शुरुआत 19 सितंबर से हो सकती है और 15 अक्टूबर को फाइनल खेला जा सकता है। लीग में फिलहाल दिल्ली कैपिटल्स की टीम टॉप पर है। वहीं, विराट कोहली की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु दूसरे और CSK तीसरे नंबर पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *