हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जन्मदिन पर हुए कार्यक्रम में अपने दोस्त के घर आए एक युवक की बाइक रात्रि को घर के बाहर से चोरी हो गई। इस संबंध में मुकदमा दर्ज करवाने के लिए युवक की ओर से गुरुवार को जंक्शन पुलिस थाना में परिवाद सौंपा गया। गजेन्द्रसिंह पुत्र सुखविन्द्र सिंह मेहरा निवासी वार्ड 14, ढिल्लों कॉलोनी ने बताया कि 26 सितम्बर को उसके दोस्त राजेश सुखीजा का जन्मदिन था। जन्मदिन पर राजेश सुखीजा के संगरिया रोड पर गुरुनानक नगर स्थित मकान में रात्रि को कार्यक्रम था। वह कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए अपनी मोटर साइकिल नम्बर आरजे 31 एसजे 4112 पर सवार होकर गुरुनानक नगर गया। अपनी बाइक राजेश सुखीजा के मकान के आगे खड़ी कर दी और अन्दर चला गया। रात्रि को कोई अज्ञात व्यक्ति उसकी बाइक चोरी कर ले गया। 27 सितम्बर को अल सुबह करीब 4.30 बजे उसने अपनी बाइक संभाली तो गायब थी। बाइक की काफी तलाश की मगर कोई पता नहीं चला। गजेन्द्रसिंह ने अज्ञात जने के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चोरी हुई बाइक बरामद करने की मांग की।