भरतपुर
भरतपुर में चिकसाना के गांव बुराबई में मकान की नींव में कूड़ा डालने को लेकर एक ही परिवार के दो पक्ष भिड़ गए। चाचा-भतीजे के परिवार में जमकर लाठी-डंडे चले और दोनों ओर के पुरुषों ने महिलाओं को पीटने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी। इसमें दोनों पक्षों की तरफ से 6 पुरुष और तीन महिलाएं घायल हो गईं। खूनी संघर्ष का वीडियो सामने आने के बाद चिकसाना थाने में दोनों पक्षों की तरफ से मामला दर्ज कर लिया गया है।
जरा सी बात को लेकर दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडों से जमकर हमला बोल दिया। इस दौरान एक व्यक्ति ने इस झगड़े को अपने मोबाइल में कैद कर लिया। घायलों को इलाज के लिए जिला आरबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, लेकिन इस झगड़े का रविवार को वीडियो सामने आया तो एसपी देवेंद्र कुमार विश्नोई ने थाना अधिकारी को निर्देशित किया। इस वीडियो के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
दोनों परिवार आस-पास रहते हैं
इस मामले की तफ्तीश कर रहे चिकसाना थाना के हेड कांस्टेबल गोविंद ने बताया कि बदन सिंह और शिव सिंह का परिवार आस-पास रहता है। शिव सिंह बदन सिंह का भतीजा है। एक जुलाई को सुबह दोनों पक्षों में नींव में कूड़ा डालने को लेकर बहस हो गई जिसने थोड़ी ही देर में झगड़े का रूप ले लिया। जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठियां-डंडे चले। महिलाओं-पुरुषों ने एक-दूसरे पर लाठियां चलाईं।
जिस पर चिकसाना थाने में शिव सिंह और बदन सिंह ने एक दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया, लेकिन तफ्तीश में सामने आया कि शिव सिंह ने बदन सिंह के ऊपर हमला किया था। दोनों के परिवार आस-पास रहते हैं जिसके बाद दोनों लोगों के घर के परिजन आ गए और आपस में भिड़ गए। मामला दर्ज होने के बाद से शिव सिंह और उसके परिजन अपने घर से फरार हैं।