स्वयंसेवक शहर के विभिन्न स्थानों पर कर रहे पूर्वाभ्यास हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हनुमानगढ़ नगर की ओर से 5 अक्टूबर को विजयादशमी के दिन भटनेर भव्य पथ संचलन का आयोजन किया जाएगा। भटनेर भव्य पथ संचलन का पूर्वाभ्यास जंक्शन-टाउन के स्वयंसेवकों की ओर से शहर के विभिन्न स्थानों पर किया जा रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर प्रचार प्रमुख चेतन जिंदल ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कुल छह उत्सवों में से विजयादशमी उत्सव भी एक है। यह उत्सव संघ के स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाता है। पूरे भारतवर्ष में यह उत्सव शक्ति प्रदर्शन के रूप में मनाया जाता है। इस दिन स्वयंसेवकों की ओर से पथ संचलन व दंड योग व्यायाम का प्रदर्शन किया जाता है। इसी क्रम में हनुमानगढ़ नगर में यह कार्यक्रम विजयादशमी के दिन 5 अक्टूबर को जंक्शन स्थित विनय वाटिका में सुबह 7 बजे प्रारंभ होगा। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जोधपुर प्रांत प्रचारक योगेंद्र कुमार होंगे। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों की ओर से दंड योग व्यायाम का प्रदर्शन किया जाएगा। तत्पश्चात पथ संचलन विनय वाटिका से प्रारंभ होकर भगत सिंह चौक, मुख्य पोस्ट आॅफिस, जाट धर्मशाला से होते हुए विनय वाटिका पहुंचेगा। चेतन जिंदल ने बताया कि क्योंकि यह कार्यक्रम भटनेर नगरी में हो रहा है इसलिए इस पथ संचलन का नाम भटनेर भव्य पथ संचलन रखा गया है। पथ संचलन में हिस्सा लेने वाले स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में होंगे, इसलिए यह कार्यक्रम देखने लायक होगा। विजयादशमी उत्सव पर विराट हिंदू शक्ति स्वरूप हम सब को देखने को मिलेगा। यह उत्सव हिंदू समाज के पुरुषार्थ जागरण एवं सामाजिक समरसता का अहम पड़ाव भी साबित होगा।