Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

ठंडक का होने लगा एहसास:दिन भर छाए रहे बादल, 5 दिन में तापमान में 7 डिग्री की आई गिरावट

श्रीगंगानगर
मौसम में धीरे-धीरे बदलाव हो रहा है। पिछले पांच दिन में ही तापमान में साढ़े सात डिग्री सेल्सियस की कमी आई। सूरज बेहद कम समय के लिए आसमान में नजर आया। दिन के अधिकांश समय बादल छाए रहे। सुबह के समय शहर के बाहरी इलाके हनुमानगढ़ रोड पर बसी कुछ कॉलोनियों में बूंदाबांदी हुई। इससे मौसम में ठंडक का असर शुरू हो गया। शाम चार बजे तक ठंडक का यह एहसास बना हुआ था।

पिछले पांच दिन में आई गिरावट

तापमान में यह गिरावट पिछले पांच दिन में आई है। पांच दिन पहले तक इलाके में तेज गर्मी थी। तापमान चालीस डिग्री सेल्सियस के नजदीक तक पहुंचा हुआ था लेकिन रविवार शाम को अधिकतम तापमान 32.2 ही दर्ज किया गया। सोमवार को इसमें कुछ और कमी आने की संभावना है। इलाके में पांच अक्टूबर को मैक्सिमम टैंप्रेचर 39.6 डिग्री सेल्सियस था। इसमें इसके बाद लगातार कमी आई। छह अक्टूबर को यह 38.1 डिग्री सेल्सियस, सात अक्टूबर को 33.6 डिग्री सेल्सियस, आठ अक्टूबर को 32.1 डिग्री सेल्सियस और नौ अक्टूबर को 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिन में रही सड़कों पर रौनक

मौसम में हुए ठंडक के एहसास का असर यह रहा कि दिन में सड़कों पर अपेक्षाकृत अधिक रौनक रही। वहीं रात के समय पंखों और कूलर की स्पीड भी अब कम हो गई है। सुबह के समय हल्की ठंडक का एहसास होने लगा है। वेदर एक्सपर्ट बताते हैं कि सामान्यत: इन दिनों में मौसम में बदलाव आता ही है। इस बार से प्रदेश के पूर्वी हिस्से में हुई बरसात का असर माना जा सकता है। श्रीगंगानगर इलाके में सोमवार को एक-दो जगह मामूली बूंदाबादी हो सकती है।