Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पुनर्भरण राशि का भुगतान नहीं, क्रमिक अनशन शुरू

  • निजी शिक्षण संस्था संचालकों ने डीईओ कार्यालय के समक्ष शुरू किया आंदोलन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    आरटीई की पुनर्भरण राशि का भुगतान करने की मांग को लेकर निजी शिक्षण संस्थाओं के संचालकों ने शुक्रवार को जंक्शन में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक कार्यालय के सामने क्रमिक अनशन व धरना शुरू कर दिया। पहले दिन स्वयंसेवी शिक्षण संस्था संघ जिलाध्यक्ष सुरेश शर्मा, फूलसिंह सहित अन्य शिक्षण संस्थाओं के संचालक क्रमिक अनशन पर बैठे। इन्हें माल्यार्पण कर अनशन पर बैठाया गया। निजी शिक्षण संस्थाओं के संचालकों पर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर आरटीई की पुनर्भरण राशि के भुगतान में उदासीनता बरतने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि जब तक आरटीई की पुनर्भरण राशि का भुगतान नहीं हो जाता तब तक बेमियादी आंदोलन जारी रहेगा। स्वयंसेवी शिक्षण संस्था संघ जिलाध्यक्ष सुरेश शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से पांच करोड़ रुपए 25 जुलाई को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को दिए गए थे। लेकिन कार्यालय अधिकारियों की घोर लापरवाही व उदासीनता की वजह से उक्त पैसा माध्यमिक स्तर के किसी भी विद्यालय को जारी नहीं हो पाया। जिला शिक्षा अधिकारी खुद यह मानने को तैयार नहीं हैं कि उनकी गलती है। डीईओ कार्यालय के अधिकारी आरटीई से जुड़ी कोई भी कार्रवाई करने को लेकर गंभीर नहीं। इनका ध्यान सिर्फ सरकारी कार्य की तरफ रहता है। इसी लापरवाही का परिणाम है कि आरटीई की पुनर्भरण राशि जारी नहीं हो सकी। इसके विरोध स्वरूप स्वयंसेवी शिक्षण संस्था संघ ने आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है। दीपावली से पूर्व यह भुगतान होना आवश्यक है। तहसील वार संघ के पदाधिकारी व सदस्य क्रमिक अनशन पर बैठेंगे। जब तक भुगतान नहीं हो जाता क्रमिक अनशन जारी रहेगा। इस मौके पर भारत भूषण कौशिक, विकास गोयल, आरके त्यागी, महावीर पंचारिया, रमेश बजाज, निशांत झोरड़, दीपक कश्यप, राजेश मिड्ढा, ओमप्रकाश सार्इं, गुरप्रीत सिंह, मलकीत मान, बलराम लिम्बा, राजेन्द्रसिंह, अशोक घरू, राजेश वर्मा, गुरदीप सिंह, अमरजीत सिंह, राजकुमार सैनी सहित कई स्कूल संचालक मौजूद थे।