सदर पुलिस की ओर से ट्रक में भरी 480 पेटी शराब बरामदगी का मामला हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। ट्रक में लकड़ी की गिट्टियों की आड़ में छुपाकर ले जाई जा रही 480 पेटी अवैध शराब बरामदगी के मामले में खुलासा हुआ है कि यह शराब पंजाब के अमृतसर से लोड की गई थी। इसकी सप्लाई जोधपुर में देनी थी। यह खुलासा आरोपी ट्रक चालक डूंगरराम (30) पुत्र मोहनराम मेघवाल निवासी गांव बाछड़ाऊ जिला बाड़मेर ने सदर पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में किया है। सदर पुलिस थाना प्रभारी लखवीर सिंह गिल ने बताया कि मादक पदार्थांे की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत डबलीराठान पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई रामपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार देर शाम को सूरतगढ़ फोरलेन पर स्थित टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी कर रखी थी। नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने ट्रक नम्बर आरजे 19 जीसी 1154 को रूकवाकर तलाशी ली तो उसमें लकड़ी की गिट्टियां भरी हुई थी। लकड़ी की गिट्टियों के नीचे पंजाब निर्मित शराब से भरी 480 पेटियां रखी हुई थी। इनके अंदर अलग-अलग ब्रांड की शराब भरी 5780 बोतल थी। शराब बरामद कर मौके से ट्रक चालक डूंगरराम को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही ट्रक जब्त कर लिया। बरामद की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 45 से 50 लाख रुपए के बीच है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी डूंगराराम का अपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। हालांकि पूछताछ में आरोपी ने अपने खिलाफ पूर्व में किसी प्रकार का मुकदमा नहीं दर्ज होने की जानकारी दी है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है।