जयपुर (वार्ता). राजस्थान के सहकारिता मंत्री उदय लाल आंजना ने आज बताया कि प्रदेश में राजफैड द्वारा समर्थन मूल्य पर मूंग, उड़द, सोयाबीन एवं मूंगफली की खरीद के लिये आॅनलाइन पंजीकरण 27 अक्टूबर से शुरू किया जाएगा।
श्री आंजना ने बताया कि 879 खरीद केन्द्रों पर मूंग, उड़द एवं सोयाबीन की एक नवम्बर से तथा 18 नवम्बर से मूंगफली खरीद की जाएगी। उन्होंने बताया कि मूंग के लिए 363 उड़द के लिए 166 मूंगफली के 267 एवं सोयबीन के लिए 83 खरीद केन्द्र खोले गए हैं। जिसमें से 419 केन्द्र क्रय-विक्रय सहकारी समितियों पर तथा 460 ग्राम सेवा सहकारी समितियों पर बनाए गए है। उन्होंने बताया कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो इसके लिए आॅनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था ई-मित्र एवं खरीद केन्द्रों पर प्रात: नौ से शाम सात बजे तक की गई है।
उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार द्वारा राज्य में समर्थन मूल्य पर मूंग का खरीद का लक्ष्य 3 लाख 2 हजार 745 मीट्रिक टन, उडद का 62 हजार 508 मीट्रिक टन, मूंगफली का 4 लाख 65 हजार 565 मीट्रिक टन तथा सोयाबीन का 3 लाख 61 हजार 790 मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य दिया गया है। मूंग का समर्थन मूल्य 7 हजार 755 रुपए, उडद का 6 हजार 600, मूंगफली का 5 हजार 850 एवं सोयाबीन का 4 हजार 300 रुपए प्रति क्विंटल एफ.ए.क्यू श्रेणी का घोषित किया गया है।
श्री आजंना ने बताया कि किसान को जनआधार कार्ड नम्बर, खसरा गिरदावरी की प्रति एवं बैंक पासबुक की प्रति पंजीयन फार्म के साथ अपलोड़ करनी होगी। जिस किसान द्वारा बिना गिरदावरी के अपना पंजीयन कराया जायेगा, उसका पंजीयन समर्थन मूल्य पर खरीद के लिये मान्य नहीं होगा। उन्होंने बताया कि ई-मित्र केन्द्र भी समर्थन मूल्य योजना मे किसानों का पंजीयन पूर्ण सावधानी से करें और तहसील से बाहर पंजीयन नही करें।
उन्होंने बताया कि किसान एक जनआधार कार्ड में अंकित नाम में से जिसके नाम गिरदावरी होगी उसके नाम से एक पंजीयन करवा सकेगा। किसान इस बात का विशेष ध्यान रखे कि जिस तहसील में कृषि भूमि में उसी तहसील के कार्यक्षेत्र वाले खरीद केन्द्र पर उपज बेचान के लिए पंजीकरण करावें। दूसरी तहसील में पंजीकरण मान्य नही होगा।