श्रीगंगानगर
राजस्थान अल्प संख्यक आयोग के अध्यक्ष रफीक खान ने कहा है कि भाजपा हिंदू-मुसलमान के बीच खाई पैदा कर रही है। हम अल्पसंख्यक आयोग के जरिए माइनॉरिटीज की समस्याएं दूर कर इस खाई को पाटने की कोशिश कर रहे हैं। वे गुरुवार को श्रीगंगानगर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि सरकार की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचे। इसके लिए सरकार प्रयास भी कर रही है।
सरकारी स्तर पर खोले इंग्लिश मीडियम स्कूल
उन्होंने कहा कि बच्चों काे अच्छी शिक्षा मिले और वह भी कम दाम पर इसके लिए सरकारी स्तर पर इंग्लिश मीडियम स्कूल खोले गए हैं। इसमें सभी को तो प्रवेश नहीं दिया जा सकता लेकिन पेरेंट्स ने इसमें खूब रुचि दिखाई है। उन्होंने कहा, इंग्लिश मीडियम स्कूल के रूप में संचालित होते ही उन स्कूलों में स्टूडेंट्स की संख्या बढ़ गई जिनमें पहले काफी कम स्टूडेंट्स थे।
बिजली दरें बढ़ने का नहीं पड़ा ज्यादा असर
उन्होंने पिछले दिनों बिजली कंपनियों की दरें बढ़ाने के सवाल पर कहा कि इसका बहुत ज्यादा असर नहीं पड़ा है। सरकार ने राज्य में प्रत्येक बिल में निर्धारित यूनिट्स तक बिजली फ्री दी है। अगर कुछ पैसे बिजली कंपनियों ने बढ़ाए भी हैं तो इसका बहुत ज्यादा असर आमजन पर नहीं पड़ेगा। उन्होंने इलाके में अल्पसंख्यकों की कुछ समस्याएं सामने आने की बात कही। उन्होंने कहा कि उनका समाधान करवाने के लिए प्रयास किया जाएगा। इसके बाद खान ने पंद्रह सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बेठक ली। खान गुरुवार रात श्रीगंगानगर पहुंचे थे। उन्होंने इससे पहले सूरतगढ़ में एक निजी कार्यक्रम में भागीदारी की।